रायगढ़ , मार्च 06 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ जिले के सराईपाली क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर उतर आया। गेरवानी से सराईपाली तक की बदहाल सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द मरम्मत की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। भारी लोड वाले वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने करीब 15 दिन पहले घरघोड़ा उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। उस समय चेतावनी दी गई थी कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं कराया गया तो वे चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन द्वारा समय पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आज सराईपाली में चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित