राजनांदगांव , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के लखोली क्षेत्र में जर्जर बिजली पोलों को लेकर युवा कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए बिजली विभाग से तत्काल सर्वे और सुधार कार्य की मांग की है। समस्या के निराकरण में देरी होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा एवं ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता कौशलेंद्र पांडे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और स्थिति से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लखोली क्षेत्र में एक बिजली पोल अत्यंत जर्जर स्थिति में है, जो लगातार हिल रहा है और किसी भी समय हादसे का कारण बन सकता है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों और युवा कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा पूर्व में कई बार शिकायत की जा चुकी है। लगभग तीन सप्ताह पूर्व ठेकेदार संतोष देवांगन ने स्थल निरीक्षण कर पोल बदलने की आवश्यकता स्वीकार की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित