बारां , फरवरी 04 -- राजस्थान में बारां जिले में कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के आदेशानुसार गठित तकनीकी समिति द्वारा सर्वेक्षण के उपरान्त जर्जर घोषित किये गये प्रारम्भिक शिक्षा के 100 और माध्यमिक शिक्षा के 11 विद्यालयों में अब तक प्रारम्भिक शिक्षा के 60 एवं माध्यमिक शिक्षा के दो विद्यालय जमींदोज कर दिए गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गैंदालाल रैगर ने इस संबंध में जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सहायक अभियंता, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा बारां एवं कनिष्ठ अभियंताओं को शेष विद्यालयों को आठ फरवरी तक जमींदोज किए जाने के संबंध में निर्देश दिये हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) द्वारा विद्यालयों की मरम्मत के लिए स्वीकृत राशि से गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत कार्य अविलम्ब करवाने के लिए निर्देशित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित