नयी दिल्ली , जनवरी 21 -- विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने भारत और स्पेन के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को यहां स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस के साथ 'संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के द्विवार्षिक वर्ष' का लोगो जारी किया और स्पेन के भारत की 'हिन्द प्रशांत महासागर पहल' में शामिल होने का स्वागत किया।

भारत यात्रा पर आये श्री अल्बारेस और डा. जयशंकर ने यहां वार्ता के बाद इस लोगो का अनावरण किया।

मुलाकात के बाद डा. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक मामलों पर व्यापक चर्चा की।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि श्री अल्बारेस के साथ 'संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के द्विवार्षिक वर्ष' का लोगो जारी किया। उन्होंने कहा , " भारत और स्पेन के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ का उत्सव। विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस के साथ मिलकर भारत-स्पेन लोगो का अनावरण करते हुए प्रसन्नता हुई जो हमारे 'संस्कृति, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के द्विवार्षिक वर्ष' की शुरुआत का प्रतीक है।"एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा , " आज सुबह स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस के साथ द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक मामलों पर व्यापक चर्चा की। व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और जन-जन के बीच संपर्क जैसे विषयों पर बातचीत हुई। हमारे मजबूत राजनीतिक संवाद की पुनः पुष्टि की। भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को विभिन्न क्षेत्रों में और गहरा करने के लिए स्पेन के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में स्पेन के शामिल होने का भी स्वागत किया।" स्पेन के विदेश मंत्री ने इस संबंध में एक पत्र भी डा. जयशंकर को सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित