जयपुर , अप्रैल 13 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के जयपुर शहर जिला कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
जयपुर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल के सानिध्य में हुए इस संगोष्ठी में सैकड़ों की संख्या में विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि के 33 प्रतिशत प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को नई पहचान देगा और भारत की दशा एवं दिशा बदलने का कार्य करेगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर की सांसद मंजू शर्मा रही।
श्री गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी शक्ति हमारे देश की आधारशिला रही है। भारत के इतिहास में अहिल्याबाई होल्कर, गार्गी देवी, रानी लक्ष्मीबाई एवं पन्नाधाय जैसी महान महिलाओं ने नेतृत्व कर देश को दिशा दी है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का स्वर्णिम अवसर है और इससे देश और अधिक सशक्त बनेगा। 16 अप्रैल को लोकसभा में इस अधिनियम पर चर्चा होने जा रही है। यह समय है जब हम सभी को एकजुट होकर इसके समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। यह नारी शक्ति के सम्मान एवं अधिकारों को और मजबूत बनाने का संकल्प है।
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि वर्ष 2023 में पारित हुआ नारी शक्ति अधिनियम एक संवैधानिक संशोधन है। लोकसभा और सभी विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। यह कदम महिला सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगा। महिलाओं को नीति की लाभार्थी से नीति की निर्माता बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम है। श्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्त नारी और आत्मनिर्भर नारी बन रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित