जयपुर , अप्रैल 17 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर को साफ सुथरा एवं स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम जयपुर द्वारा एक अनोखी पहल करते हुए शनिवार को सुबह से शाम तक अब तक का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान "सफाई सेवा मैराथन-2026" आयोजित किया जाएगा।
निगम के आयुक्त ओम कसेरा ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष सफाई अभियान प्रातः सात बजे से रात करीब आठ बजे तक चलाया जायेगा जिसमें नगर निगम की पूरी टीम फील्ड में उतरकर एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान शहर का जयादा से ज्यादा कचरा उठाने के प्रयास किए जायेंगे और इस दौरान सामान्य तौर पर उठाये जा रहे कचरे से कहीं ज्यादा कचरा उठाने के प्रयास होंगे।
उन्होंने बताया कि निगम अपने सभी साधन के साथ सफाई अभियान में उतरेगा जिसमें गैर सरकारी संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा ताकि शहर का ज्यादा से ज्यादा कचरा उठा पाये। उन्होंने कहा कि अच्छी सफाई के लिए सिस्टम बनाने का प्रयास किया जा रहा है और यह उसी का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी सफाई कर्मचारी उनके साथ हैं और पूरा प्रयास रहेगा कि शहर को सफाई में बेहतर किया जाये।
श्री कसेरा ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और सफाई सेवा मैराथन को एक मिशन और जनआंदोलन के रूप में लेने का आह्वान किया गया हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की सफाई नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था में स्थाई सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि एक दिन में सब कुछ नहीं किया जा सकता हैं लेकिन इस तरह के अभियान से रोजाना सफाई अभियान को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि निगम में संख्या बल कम होने का भी एक कारण हैं कि सफाई में तेजी नहीं आती साधन और व्यवस्थाओं के मद्देनजर ही काम हो पाता हैं फिर भी निगम बेहतर सफाई के लिए प्रयासरत है तथा दिनोदिन अच्छा करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मैराथन में शानदार प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देकर भी पुरस्कृत किया जायेगा। जिसमें एनजीओ की मदद से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सीएसआई को 21 हजार रुपए एवं द्वतीय के लिए 11 हजार एवं तृत्तीय स्थान के लिए 5100 रुपए का पुरस्कार दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान सफाई अभियान में भाग लेने वाले सभी तीन सौ-चार सौ सफाई कर्मचारियों को भी प्रत्येक को 1100 रुपए पुरस्कार के रुप में दिए जायेंगे।
उन्होंने बताया कि शहर की अच्छी साफ सफाई के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उनका द्वारा निरीक्षण का कार्यक्रम भी बराबर चलता रहेगा और उनका प्रयास रहेगा कि वह ज्याद से ज्यादा क्षेत्रों में जाकर शहर की बेहतर सफाई व्यवस्था कायम की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित