जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न फैक्ट्रियों और दुकानों पर छापामार अभियान चलाकर लगभग नौ हजार किलोग्राम प्लास्टिक जब्त की है।
नगर निगम के उपायुक्त (स्वास्थ्य) मृणाल कुमार के अनुसार जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के मार्गदर्शन एवं नगर निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी के निर्देश पर बुधवार को यह अभियान चलाया गया। इस दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का अवैध भंडारण एवं बिक्री करते हुए पाये जाने पर करीब नौ हजार किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गयी तथा संबंधित व्यापारियों से एक लाख का जुर्माना भी वसूला गया।
इस दौरान निगम टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री पूर्णतः निषिद्ध है, इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डॉ सैनी ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि उन्हें सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित