भीलवाड़ा , जनवरी 25 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीफ) और हथियारबंद बदमाशों के बीच मुठभेड़ में जयपुर में हुई गोलीबारी में वांछित अपराधी जितेंद्र सिंह (30) घायल हो गया।
पुलिस सूत्रोंं ने बताया कि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के भी गोली लगी लेकिन डीपी जैकेट पहने होने से वह बच गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जयपुर में दो दिन पहले गोलीबारी की गंभीर वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारबंद बदमाशों के भीलवाड़ा की ओर आने की सूचना जयपुर पुलिस से मिली थी। सूचना मिलते ही भीलवाड़ा पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स सतर्क हो गई और बदमाशों को पकड़ने के लिए हाथी भाटा चौराहे के पास विशेष नाकाबंदी की गयी।
इसी दौरान मांडल की ओर से आती एक कार को रोकने का इशारा किया गया। कार के रुकते ही उसमें सवार जितेंद्र सिंह ने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस दल पर गोली चला दी जो कालूराम धायल की डीपी जैकेट में लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी गोली चलाई जो जितेंद्र सिंह के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोंच लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जितेंद्र सिंह के साथ मौजूद उसके साथी संदीप को भी पकड़ लिया। उनसे एक पिस्तौल और वारदात में प्रयुक्त कार जब्त कर ली गयी है। घायल जितेंद्र सिंह को उपचार के लिए महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव भी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और जयपुर गोलीबारी कांड से जुड़े अन्य अपराधियों की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित