जयपुर , अप्रैल 22 -- राजस्थान के जयपुर में सप्त शक्ति आशा स्कूल के बच्चों ने बुधवार को अपने विशेष कौशल, क्षमताओं और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए वार्षिक दिवस को बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर सप्त शक्ति कमान आवा की क्षेत्रीय अध्यक्ष बरिंदर जीत कौर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी शेखावत तथा भगवान महावीर कैंसर अस्पताल की ट्रस्टी अनिला कोठारी जैसे सामाजिक सेवा के क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
वार्षिक रिपोर्ट में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समग्र विकास के लिए किए गए प्रयासों को दर्शाया गया तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत, नेशनल चैंपियनशिप एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत स्टेट सिलेक्शन कैंप जैसे राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 21 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। ये उपलब्धियां विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ के कठिन परिश्रम के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं जैसे ऑडियोमेट्री लैब, हाइड्रोथेरेपी पूल आदि की उपलब्धता का परिणाम हैं, जो बच्चों की इंद्रिय एवं मोटर कौशल के विकास में सहायक हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की बहुप्रतीक्षित प्रस्तुतियाँ रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों द्वारा प्रदर्शित आत्मविश्वास एवं सटीकता विशेष प्रशंसा के पात्र रहे। सप्त शक्ति आशा स्कूल एक प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में स्थापित है, जो सैन्य एवं नागरिक पृष्ठभूमि से आने वाले विशेष रूप से सक्षम बच्चों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित है।
इस अवसर पर श्रीमती कौर ने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के सामाजिक समावेशन के प्रति सप्त शक्ति कमान के दृढ़ संकल्प को दोहराया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के धैर्य और समर्पण की सराहना की तथा अभिभावकों से आग्रह किया कि वे एक "टीम के रूप में कार्य करते हुए इन बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित