जम्मू , मार्च 20 -- शिव सेना (यूबीटी) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू में फिल्म सिटी स्थापित करने और स्थानीय कलाकारों के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर शिवसेना प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतिभा, जुनून और रचनात्मकता के लिए भी जाना जाता है। इसके बावजूद यहां के कलाकार आज भी अपने हुनर को दिखाने के लिए एक मजबूत मंच की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण जम्मू के हजारों कलाकार संघर्ष कर रहे हैं।
श्री साहनी ने प्रस्तावित फिल्म सिटी को सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने वाला केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित विभागों से अपील की कि जम्मू में विश्वस्तरीय फिल्म सिटी स्थापित की जाए और क्षेत्रीय व लघु फिल्मों को भी बढ़ावा दिया जाए।इसके साथ ही उन्होंने दूरदर्शन जम्मू पर 24x7 "डुग्गर चैनल" शुरू करने की मांग की, ताकि डोगरी भाषा, संस्कृति और कला को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय कलाकारों को निरंतर अवसर मिल सकें।
श्री साहनी ने कहा कि ये फिल्में दर्शाती हैं कि जम्मू के युवा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और नशा मुक्ति जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान "वारियर देवयानी" और "नशा 370" शॉर्ट फिल्मों के पोस्टर भी जारी किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित