जम्मू , फरवरी 03 -- जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधान सभा में उठी।
सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई हाथों में पोस्टर थामे सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अपनी सीटों से उठे और जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करने लगे।
भाजपा विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छात्र जम्मू की सड़कों पर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग कर रहे हैं। भाजपा उनके साथ खड़ी है। वे कश्मीर के खिलाफ नहीं हैं। सिर्फ यह मांग कर रहे हैं कि एक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जम्मू में भी स्थापित किया जाए। भाजपा पहले भी कई मौकों पर यह मांग उठा चुकी है।
भाजपा विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि पार्टी का मानना है कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जम्मू में स्थापित होनी चाहिए, क्योंकि सुरक्षा के मामले में ही नहीं, बल्कि मौसम और सड़क संपर्क के मामले में भी जम्मू बेहतर है।
वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक खुर्शीद हुसैन गनी ने भाजपा पर निशाना साधाते हुए इसे छात्र विरोधी कहा।उन्होंने कहा जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग करने वाली यह वही पार्टी है, जिसने 'श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस' के बंद होने पर जश्न मनाया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक मीडिया में सिर्फ अपनी तस्वीर प्रकाशित करवाने के लिए ऐसी मांग करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित