श्रीनगर , फरवरी 03 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने जाली विकलांगता प्रमाण का इस्तेमाल कर शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (स्किम्स) में दाखिला लेने के लिये दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों ने स्किम्स सौरा में एमबीबीएस कोर्स-2023 में नकली और जाली सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करके दाखिला लिया था।

उन्होंने बताया कि यह मामला एक भरोसेमंद सूत्र से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि बांदीपोरा के अजास का एक निवासी शारीरिक या मानसिक रूप से विकलांग न होने के बावजूद जाली "विकलांग व्यक्ति" और "आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग" प्रमाण पत्र दिखाकर एमबीबीएस कार्यक्रम में दाखिला पाने में कामयाब रहा।

मामले की जानकारी मिलने पर श्रीनगर की आर्थिक अपराध शाखा ने शुरुआती जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान, यह सामने आया कि आरोपी लाभार्थी ने बांदीपोरा के अशाम, सुंबल के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर एक नकली और जाली विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाया। पुलिस ने एक बयान में कहा कि उस जाली दस्तावेज़ के आधार पर लाभार्थी ने कथित तौर पर स्किम्स सौरा, श्रीनगर में एमबीबीएस कोर्स में दाखिले के लिए चयन हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित