जम्मू , मार्च 27 -- जम्मू और कश्मीर विधानसभा सत्र का दूसरा चरण शुक्रवार को शुरू हुआ और इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने जम्मू में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) स्थापित करने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।

विधायक इस मामले पर सरकार से जवाब की मांग कर रहे थे।

सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई 'नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी' लिखे पोस्टर लिए भाजपा विधायकों ने सदन में यह मुद्दा उठाया और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेतृत्व वाली सरकार से जवाब मांगा। विपक्षी विधायकों ने विधानसभा के अंदर विरोध-प्रदर्शन किया और जम्मू में एनएलयू स्थापित करने की मांग की।

वहीं दूसरी ओर नेकां के विधायकों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का मुद्दा उठाया और ईरान पर हुए हमले की निंदा की।

भाजपा विधायकों ने नारे लगाए और यूनिवर्सिटी के प्रस्तावित स्थान पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने दावा किया कि जम्मू लंबे समय से प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों से वंचित रहा है और इस पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

विपक्षी सदस्यों ने सदन में नारे लगाए, जिससे सदन की सामान्य कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित