जम्मू , फरवरी 03 -- जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा में गूंजी। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भारतीय जनता पार्टी विधायकों ने विधानसभा में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग उठाई।

जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर सभी भाजपा विधायक अपनी सीटों से उठ खड़े हुए और हाथों में पोस्टर लेकर उन्होंने जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की।

भाजपा विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्र जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हुए हैं और भाजपा उनके साथ है। उन्होंने कहा कि वे कश्मीर के खिलाफ नहीं हैं लेकिन जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग कर रहे हैं। भाजपा पहले भी कई मौकों पर कह चुकी है कि कश्मीर के साथ-साथ जम्मू में भी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना होनी चाहिए।

भाजपा विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि पार्टी का मानना है कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना जम्मू में होनी चाहिए क्योंकि जम्मू न केवल सुरक्षा के मामले में बल्कि मौसम एवं सड़क संपर्क के मामले में भी बेहतर है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक शौकत हुसैन गनई ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे विद्यार्थी विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि यही वह पार्टी है जो जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की मांग कर रही है लेकिन श्री माता वैष्णो देवी चिकित्सा उत्कृष्टता संस्थान के बंद होने पर जश्न मना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक सिर्फ मीडिया में अपनी तस्वीरें छपवाने के लिए मांगें करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित