श्रीनगर , जनवरी 14 -- जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबोस) ने बारहवीं क्लास के नतीजे घोषित कर दिये हैं जिनमें विज्ञान, वाणिज्य और कला में क्रमशः हफ़सा, स्वालिहा और तबिन ने शीर्ष रैंक हासिल की है।
जेकेबोस की ओर से बुधवार को जारी नतीजों में कुल 83 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं और 56,842 छात्रों में से कुल 47,408 छात्रों ने परीक्षा पास की।
विज्ञान विषय में शेख मकसूद की बेटी और कश्मीर हार्वर्ड उच्च माध्यमिक स्कूल, हबक नसीम बाग श्रीनगर की छात्रा हफ़सा ने पहला स्थान हासिल किया। वह अपने विषय की मेरिट लिस्ट में 500/500 यानी 100 प्रतिशत अंक लाकर शीर्ष पर रहीं।
वाणिज्य यानी कॉमर्स वर्ग में गुलाम नबी वानी की बेटी और हफ़सा के ही स्कूल में पढ़ने वाली स्वालिहा ने 498 अंक यानी 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया।
कला के क्षेत्र में तबिन रियाज़ ने टॉप किया। वह रियाज़ अहमद भट के बेटे हैं और अनंतनाग के मट्टन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र हैं। उन्होंने 500/500 अंकों का स्कोर हासिल किया।
विज्ञान वर्ग में 499 अंकों यानी 99.8 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान कई छात्रों ने साझा किया। इनमें अनंतनाग के लाल चौक के इस्लामिया हनीफ़ा इंस्टीट्यूट की आइदा नास्ती; राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोठीबाग की असरा, कैंडिड उच्च माध्यमिक विद्यालय, नौगाम के अतहर एजाज़ शाह, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चनापोरा की अज़का रफ़ीक भट और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खांडा की सिमरा रफ़ीक शामिल हैं। तीसरा स्थान 498 अंकों यानी 99.6 प्रतिशत अंक के साथ कई छात्रों के एक समूह ने साझा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित