श्रीनगर , अप्रैल 09 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक महिला कर्मी को नशीला पदार्थ मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, शमीमा बानो को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, जम्मू द्वारा जून 2021 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तारी के बाद निलंबित कर दिया गया था। यह मामला मादक पदार्थ की बरामदगी से संबंधित था। इसके बाद विभागीय जांच शुरू की गयी थी।
पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने और निर्धारित विभागीय प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद, बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जम्मू-कश्मीर पुलिस नियमों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 8 अप्रैल 2026 को संबंधित कर्मी को सेवा से हटाने का आदेश जारी किया।
जिला पुलिस बारामूला ने बल में पेशेवरता, ईमानदारी और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों की किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्तता पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित