हुबली , फरवरी 26 -- जम्मू-कश्मीर ने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रणजी ट्रॉफी फाइनल के तीसरे दिन गुरुवार को कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में 584 रन का विशाल स्कोर बनाया। आज यहां जम्मू-कश्मीर ने कल के छह विकेट पर 527 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में अभी जम्मू-कश्मीर के स्कोर में 12 रन का इजाफा हुआ था कि प्रसिद्ध कृष्ण ने आबिद मुश्ताक (28) को आउट कर कर्नाटक को सातवीं सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने 163वें ओवर में आकिब नबी (दो) का भी शिकार कर लिया। साहिल लूथरा ने कुछ समय तक संघर्ष दिखाया। अंतत: विजयकुमार वैशक ने 173वें ओवर में साहिल लूथरा को विद्याधर पाटिल के हाथों कैच आउट करा दिया। साहिल लूथरा ने 138 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 72 रन बनाये। अगले ही ओवर में देवदत्त पड़िक्कल ने तेज बल्लेबाजी कर रहे युद्धवीर सिंह चरक को रनआउट कर 584 के स्कोर जम्मू-कश्मीर की पारी का अंत कर दिया। युद्धवीर सिंह चरक ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित