जम्मू , मार्च 07 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को दोहराया कि उनका मुख्य उद्देश्य इस केंद्र शासित प्रदेश को देश की आध्यात्मिक शक्ति और जीवंत केंद्र बनाना है।
श्री सिन्हा रेयासी जिले के पवित्र शिव खोड़ी धाम में बुनियादी सुविधाओं के सुधार और सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस ऐतिहासिक काम के लिए जेएसडब्ल्यू ग्रुप के अध्यक्ष सज्जन जिंदल और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
उप राज्यपाल ने कहा, " मैं इसे मानवता की साझा विरासत के प्रति सेवा का एक बड़ा काम मानता हूं। "ये सभी कार्य जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी पहल (सीएसआर) के तहत पूरे किये हैं। उन्होंने बताया कि 2023 में हुए समझौते के बाद से प्रशासन को इस दिन का इंतजार था, जो आज पूरा हो गया।
उन्होंने कहा, " शिव खोड़ी के पुनर्जागरण की शुरुआत हो गयी है। हमने सिर्फ ढांचा ही नहीं सुधारा, बल्कि लोगों की आस्था को भी मजबूती दी है। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि आध्यात्मिकता की रोशनी समाज के हर व्यक्ति तक आसानी से पहुंचनी चाहिए। "उपराज्यपाल ने जोर देकर कहा कि शिव खोड़ी का विकास इस बात का संकेत है कि हमारी प्राचीन परंपरा के पवित्र स्थलों को फिर से जीवित और भव्य बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, " आज भक्तों की तपस्या रंग लायी है और हमने अपने पूर्वजों के उन सपनों को पूरा किया है, जो इसकी कमी महसूस करते थे। आध्यात्म में हमारे अटूट विश्वास ने ही हर कोशिश को राह दिखाई है, चाहे वह बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए किया गया ऐतिहासिक सुधार हो, माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का पूरे क्षेत्र को एक आध्यात्मिक गलियारे में बदलने का दृष्टिकोण हो, या फिर शिव खोड़ी को भारत के प्रमुख भक्ति केंद्रों के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करना हो। "उप राज्यपाल ने संतोष जताते हुए कहा कि पांच सालों की लगातार कोशिशों के बाद अब वह सपना दूर नहीं लगता। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि सदियों बाद जम्मू-कश्मीर एक वास्तविक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक बदलाव का अनुभव कर रहा है। यह प्रदेश ज्ञान, कला, संगीत और दर्शन के केंद्र के रूप में फिर से उभर रहा है।
श्री सिन्हा ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने आंतरिक और बाहरी जीवन में संतुलन बनायें। उन्होंने कहा, " यह बदलाव आप ही के लिए है। इन पवित्र स्थलों पर आयें और उस ऊर्जा को महसूस करें, जो सदियों से यहां बह रही है। यह ऊर्जा अतीत की नहीं, बल्कि वर्तमान की है और यह आपकी है।"उप राज्यपाल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आने वाली नयी सुविधाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, " नया हेलीपैड इसी महीने बनकर तैयार हो जाएगा और अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने की उम्मीद है। मौसम की मार और पत्थरों के गिरने से बचाने के लिए रास्ते पर सुरक्षा शेड का काम भी जल्द पूरा होगा। "भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़ को कम करने के लिए राम मंदिर और शिव खोड़ी के बीच एक वैकल्पिक रास्ता बनाया जाएगा। रनसू में श्राइन की इमारत और पुराने रास्तों की मरम्मत की जाएगी, साथ ही रास्ते में सफाई और शौचालय की अच्छी व्यवस्था होगी। रनसू में तीर्थयात्रियों के लिए सराय और लंगर की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
उपराज्यपाल ने सुझाव दिया कि अब समय आ गया है, जब शिव खोड़ी श्राइन बोर्ड को भक्तों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए 'साउंड एंड लाइट शो' शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सबकी सहमति से रोप-वे परियोजना की संभावनाओं पर भी विचार किया जा सकता है।
उपराज्यपाल ने कहा, " हम एक ऐसे समृद्ध तंत्र को बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं, जहां स्थानीय व्यापारी, कारीगर, युवा और महिलाएं नये अवसरों तक पहुंच सकें, जिससे प्रत्येक परिवार की समृद्धि सुनिश्चित हो सके। "अंत में उन्होंने जेएंडके बैंक के दान किये कचरा ढोने वाले वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आज जिन कार्यों का उद्घाटन हुआ, उनमें शिवम् द्वार का नवीनीकरण, यात्रा पंजीकरण काउंटर के साथ महादेव भवन की मरम्मत, स्नान घाटों का सुधार, शौचालय परिसर, मेडिकल कियोस्क और रनसू में टट्टू शेड का निर्माण और विभिन्न स्थानों पर लाइटें लगाना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित