श्रीनगर , अप्रैल 03 -- जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के नेताओं ने गंदेरबल जिले में गत 01 अप्रैल को मुठभेड़ के दौरान एक व्यक्ति की हत्या की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि यह जांच न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित करेगी।

इस मुठभेड़ में गंदेरबल के चुंटवालीवार लार के रहने वाले 28 वर्षीय राशिद अहमद मुगल की मौत हो गई थी। सेना ने दावा किया था कि जम्मू और कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में गंदेरबल जिले के अरहामा वन क्षेत्र में हुई गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया था। मृतक के परिवार द्वारा मुठभेड़ पर सवाल उठाए जाने के बाद जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया पर कहा, "मैंने अरहामा, गंदेरबल घटना की गहन और निष्पक्ष मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि न्याय मिले।"कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने न्याय की उम्मीद जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित