श्रीनगर , जनवरी 09 -- केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख इन दिनों शीत लहर के साथ कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। पूरे क्षेत्र में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है और कई स्थानों पर मौसम का अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में इस मौसम की सबसे सर्द रात रिकॉर्ड की गयी, जबकि द्रास न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 24.6 डिग्री सेल्सियस के साथ लद्दाख में सबसे ठंडा स्थान रहा। कड़ाके की ठंड के कारण श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील के किनारे बर्फ की चादरें जम गयी है।

विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 5.1 से नीचे है। अनंतनाग ज़िले के पहलगाम पर्यटक रिज़ॉर्ट में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसी तरह स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 9.2 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया था। दक्षिण कश्मीर में, पुलवामा और शोपियां में क्रमशः शून्य से नीचे 7.5 और 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह जम्मू में तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटरा में 3.5 , बनिहाल में शून्य से नीचे 0.9 , बटोटे में 1.0 , भद्रवाह में शून्य से नीचे 3.4 डिग्री, कठुआ में 6.0, और पुंछ में 1.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में सबसे ज़्यादा ठंडा स्थान रहा। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कारगिल में तापमान शून्य से नीचे 13.2 तक गिर गया। द्रास में सबसे अधिक ठंड रिकॉर्ड की गयी जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पदुम में शून्य से नीचे 20.3 डिग्री और न्योमा में शून्य से नीचे 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में चल रही शीतलहर के कारण 10 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आने का अनुमान है, हालांकि आने वाले दिनों में कश्मीर क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आठ से 15 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर आम तौर पर बादल छाये रहेंगे और 16 तथा 17 जनवरी को कश्मीर क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की उम्मीद है। इसके बाद 18 और 19 जनवरी को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग ने 20 जनवरी को कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। 21 जनवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 22-23 जनवरी को आंशिक तौर पर बादल छाये रहेंगे और ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

इस बीच 10 जनवरी तक रात के तापमान में काफी गिरावट आने का अनुमान है, जिसके बाद धीरे-धीरे एक-दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। जम्मू के मैदानी इलाकों में अगले चार दिनों में मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा रहने के आसार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित