सीहोर , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जमुनिया तालाब के पास 18 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित तालाब के किनारे युवक का मोबाइल फोन, कपड़े, चप्पल और मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिले। सूचना मिलते ही मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

लापता युवक की पहचान फ्रीगंज मंडी निवासी 18 वर्षीय आर्यन पिता नरेंद्र सूर्यवंशी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने तालाब में संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। शनिवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित