जमुई , फरवरी 14 -- बिहार के जमुई जिले में पहली बार दो दिवसीय 'माटी का बल दंगल' प्रतियोगिता का आगाज़ शनिवार से होने जा रहा है।

यह भव्य आयोजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में शनिवार और रविवार को आयोजित किया जा रहा है।

दंगल के अखाड़े को पारंपरिक और सुरक्षित बनाने के लिये विशेष तैयारी की गई है। 45 फीट के स्क्वायर में तैयार किये गये अखाड़े की मिट्टी को मुलायम और सुरक्षित बनाने के लिये एक क्विंटल दूध, 400 किलो हल्दी, एक क्विंटल दही, पांच टीन सरसों तेल, 500 नींबू और 35 किलो सूखी मेहंदी का उपयोग किया गया है।

इस पारंपरिक प्रक्रिया से तैयार मिट्टी न केवल खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिये अनुकूल वातावरण भी प्रदान करेगी।

तैयारियों का निरीक्षण करने जिलाधिकारी नवीन और आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल स्वयं दंगल स्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अपने हाथों से दूध और हल्दी सहित अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की।

इस अवसर पर बिहार कुश्ती संघ के सचिव विनय कुमार सिंह ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता बिहार के पहलवानों के लिये एक बड़ा मंच साबित होगी। प्रतियोगिता में लगभग 300 महिला और पुरुष पहलवानों के भाग लेने की संभावना है। कुछ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी जमुई पहुंच सकते हैं, हालांकि प्रतियोगिता मुख्य रूप से बिहार के खिलाड़ियों के लिये केंद्रित है।

राज्य सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं का रुझान तेजी से पारंपरिक खेलों की ओर बढ़ रहा है, जिससे राज्य में खेल संस्कृति को नया बल मिल रहा है।

शनिवार को दोपहर तीन बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा, जो रात नौ बजे तक चलेगा। रविवार को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतियोगी को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जायेगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को चांदी की गदा प्रदान की जायेगी। इस गदा को युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से जिलेभर में प्रदर्शित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में विशाल सिंह उपस्थित रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित