जमुई , जनवरी 30 -- जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई।

हादसा उस समय हुआ जब किशोर ट्रैक्टर पर सवार होकर ईंट भट्ठे (चिमनी) पर काम करने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज गति में था और फतेहपुर के पास एक तीखे मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गिरने के बाद किशोर को गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के मांझी टोला निवासी रामविलास मांझी के पुत्र महेश कुमार के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित