जमुई , मार्च 16 -- बिहार में जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध युवक झाझा शहर स्थित यूको बैंक के पास जमा हुए थे और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।पुलिस को देखते ही चारों युवक घबराकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।पुलिस ने उलाई नदी के समीप दो अपराधियों को पकड़ लिया। वहीं दो अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा, दो कारतूस और एक बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान उड़ीसा निवासी मुरली और चंदू के रूप में की गयी है।फरार दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित