जमुई , मार्च 02 -- बिहार के जमुई जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह मार्च जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत जमुई स्टेडियम से हुई। इसके बाद यह कचहरी चौक, थाना मोड़ और पुरानी बाजार होते हुए नीमा भछियार एवं नीमारंग क्षेत्र तक पहुँचा। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पूरे जिले में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शराब तस्करी और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
श्री नवीन और श्री दयाल ने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का आग्रह किया। पैदल गश्त के जरिए प्रशासनिक मुस्तैदी का प्रदर्शन किया गया, जिससे आमजन में विश्वास का माहौल कायम हो सके और सभी नागरिक निर्भय होकर रंगों का पर्व होली मनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित