जमुई , फरवरी 13 -- बिहार के जमुई जमुई सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सौरव कुमार ने गुरुवार की रात अचानक सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा गया, जिनसे गहन पूछताछ की गई। दोनों महिलाओं से पहचान पत्र और संबंधित दस्तावेज मांगे गए। बाद में उन्हें टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

एसडीओ श्री कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से लगातार दलालों और बिचौलियों की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होने बताया कि सामान्य बीमारी से पीड़ित मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में ले जाया जा रहा था। गुरुवार रात सूचना मिली कि कुछ लोग मरीजों को गुमराह कर अस्पताल से बाहर ले जाने की तैयारी में हैं, जबकि वे मरीजों के परिजन भी नहीं थे। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की गयी।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल के आसपास खुले मेडिकल स्टोरो की भी जांच की गई। जहां दो मेडिकल स्टोरों के जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि महर्षि मेडिकल और नालंदा मेडिकल में लाइसेंस का रिन्यूअल नहीं पाया गया। दवाइयों की बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं थे और कई मामलों में केस मेमो भी नहीं मिले। नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए दोनों मेडिकल दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

एसडीओ ने बताया कि मामले की सूचना ड्रग इंस्पेक्टर को दे दी गई है। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित