जमुई , फरवरी 21 -- बिहार के जमुई जिले का 35वां स्थापना दिवस और श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

समारोह का शुभारंभ बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह, सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी, जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रेयसी सिंह ने कहा कि 21 फरवरी का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इसी दिन महान स्वतंत्रता सेनानी श्रीकृष्ण सिंह का जन्म हुआ था और वर्ष 1991 में इसी तिथि को जमुई को जिला का दर्जा प्राप्त हुआ। दोनों अवसरों को एक साथ मनाया जाना जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जिले के समग्र विकास को और गति देने का संकल्प दोहराया।

विधायक प्रफुल्ल मांझी ने श्रीबाबू के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को अविस्मरणीय बताया। वहीं जिलाधिकारी श्री नवीन ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉल का अतिथियों ने अवलोकन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित