जमुई , जनवरी 25 -- जमुई में गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ ) पोस्ट झाझा ने विशेष सतर्कता अभियान चलाया है।

इस अभियान के दौरान झाझा और जमुई रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने संयुक्त रूप से सघन जाँच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग स्थल तथा ट्रेनों में आने-जाने वाले यात्रियों की गहन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए यात्रियों के सामानों की भी तलाशी ली गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्टेशन और उसके आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

चेकिंग अभियान के दौरान किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं पाई गई, जो सुरक्षा व्यवस्था के लिए राहत की बात है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित