जमुई, जनवरी 24 -- बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग ने जमुई के जिलाधिकारी(डीएम) सह जिला निर्वाचन अधिकारी नवीन को "बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड 2025" से सम्मानित करने के लिए नामित किया है।
यह सम्मान उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष और नवाचारी संचालन के लिए दिया जा रहा है। डीएम श्री नवीन सहित राज्य के कुल 10 जिलाधिकारियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में प्रदान किया जाएगा। बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग की तरफ से दिया जाने वाला यह पुरस्कार राज्य स्तर पर केवल 10 कलेक्टरों को ही दिया जाता है, जो इसे और भी विशिष्ट बनाता है।
सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, सुपौल के सावन कुमार, भोजपुर के तनय सुल्तानिया, सीतामढ़ी के रिची पांडेय, नालंदा के कुंदन कुमार, मुजफ्फरपुर के सुब्रत सेन, गया के शशांक कुमार और जमुई के नवीन कुमार शामिल हैं। वहीं, पूर्व डीएम अररिया अनिल कुमार वर्तमान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक हैं, जबकि पूर्व डीएम कटिहार मनेश कुमार मीणा खान विभाग के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित