जमुई , फरवरी 07 -- बिहार में जमुई जिले की पुलिस ने लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र से अपहृत एक व्यक्ति को सकुशल मुक्त करा लिया और इस घटना में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एडीपीओ) : सदर सतीश सुमन ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि छह फरवरी को सुबह 11 बजे एक व्यक्ति के अपहरण किये जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर दिग्घी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप छापेमारी की गयी। इस दौरान अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अपहरण की घटना में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
श्री सुमन ने बताया कि इस सिलसिले में पीड़ित पश्चिम बंगाल निवासी धर्मेंद्र कुमार महतो के बयान पर लक्ष्मीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नीतिश कुमार उर्फ बिट्टू और सोनू कुमार ताँती उर्फ रेड्डी के रूप में की गयी है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो,,मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित