हरिद्वार , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना पथरी क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई इस झड़प में जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के दो सहोदर भाइयों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा था। बुधवार को विवाद में एक अन्य पक्ष के शामिल होने से मामला और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर जुट गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। इस दौरान महिलाएं भी संघर्ष में शामिल हो गईं। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम से गांव में दहशत का माहौल बना रहा।

इसी बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सूचना मिलने पर थाना पथरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित