भरतपुर , मार्च 02 -- राजस्थान में भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को जमीन में दफन एक व्यक्ति का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह सामंतपुरा गांव में जंगल की तरफ आये ग्रामीणों ने चरागाह जमीन में दबे एक शव के हाथ-पैर निकले देखे, तो उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मिट्टी में करीब दो फुट गहरे गड्ढे में दबा शव निकलवाया। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है।

सूत्रों ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है साथ ही शव के हाथ पर पवन खेड़ली लिखा हुआ है। पुलिस ने शव भुसावर अस्पताल में रखवा दिया है। शिनाख्त होने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

इस मामले में गांव जसवर के एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि जहां शव दबा हुआ मिला है, वहां दो दिन पहले रास्ता बंद किया गया था। पूछने पर मौजूद क्रेशर वालों ने बताया कि क्रेशर से पत्थर निकाले जा रहे हैं, इसलिए यह रास्ता बंद किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित