देवरिया , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद में हुई मारपीट के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक बाल अपचारी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरेन्दहा पथरदेवा निवासी सुसंगती देवी की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि पांच फरवरी की शाम जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदार लाठी-डंडे से लैस होकर घर में घुस आए और उनके पति नरसिंह यादव तथा बहू सीमा देवी के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सीमा देवी की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई।
इस संबंध में पुलिस ने धारा 103(2), 109(1), 191(2), 191(3), 190, 333, 131 एवं 352 बीएनएस के तहत बाबूलाल यादव, हीरमती देवी, अनीता यादव तथा एक बाल अपचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कंचनपुर तिराहे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा बरामद किया गया है। बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित