मुरैना , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद के चलते आज एक व्यक्ति ने अपने भाई और भतीजे को गोली मार दी, जिससे भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई एवं भाई गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम बेडा में पारिवारिक जमीन बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों दशरथ गुर्जर एवं बाला गुर्जर में एक लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज सुबह दशरथ अपने बेटे ओमप्रकाश गुर्जर के साथ मोटरसायकल से टकरी चौराहे से गांव लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपी बाला ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर पिता-पुत्र को रास्ते में घेर लिया। साथ ही दोनों पर गोलीबारी की, जिससे ओमप्रकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना में दशरथ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको उपचार के लिए मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थित को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह डावर ने बताया कि पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में सात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित