रांची , अक्टूबर 21 -- झारखंड के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित गोला बस्ती के पास स्थित एक स्क्रैप टाल में देर रात भीषण आग लग गई।
आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने 1:30 बजे रात दी, जिसके बाद मौके पर 6 दमकल गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह पटाखों से चिंगारी गिरने की संभावना जताई जा रही है।
स्क्रैप टाल के मालिक सुरेंद्र गुप्ता ने आज बताया कि वे पूजा से घर लौट रहे थे, तभी स्थानीय लोगों ने उन्हें आग लगने की जानकारी दी। इस हादसे में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग बुझाने के वक्त पास की बस्तियों में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्य किया।
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि नीरज सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं ने समय पर दमकल को आग की सूचना दी। इससे बड़ी क्षति से बचा जा सका। यदि दमकल टीम समय से नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की बस्तियों तक फैल सकती थी और स्थिति गंभीर हो सकती थी।
हालांकि अभी तक इस आग लगने के कारणों की पूरी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पटाखों से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित