नैनीताल , मार्च 27 -- उत्तराखंड में महत्वाकांक्षी जमरानी बांध परियोजना को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को कड़ा रुख अपनाते हुए मानसून से पूर्व सभी प्रमुख निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बांध निर्माण के तहत टनल कार्य तेजी से जारी है। प्रथम टनल के 644 मीटर में से 544 मीटर कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष 100 मीटर पर काम चल रहा है। वहीं, दूसरी 600 मीटर लंबी टनल में 590 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है और अंतिम 10 मीटर का कार्य प्रगति पर है।

इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दोनों टनलों का निर्माण कार्य मानसून से पहले हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

परियोजना के तहत बनाए जा रहे दो कॉफर डैम (अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम) पर भी काम जारी है, जहां वर्तमान में फाउंडेशन कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा सिंचाई नहरों का निर्माण भी प्रगति पर है, जिसमें कुल 40.82 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 17.34 किमी कार्य पूरा किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने नहर किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित अतिक्रमणों को शीघ्र हटाया जाए और इस कार्य में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही नहरों के पास स्थित पेड़ों को हटाने की कार्रवाई भी तेजी से करने को कहा गया।

बैठक में एचपीसीएल द्वारा हल्द्वानी और रामनगर में चल रहे गैस पाइपलाइन कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यूयूएसडीए और पेयजल विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए सड़कों पर हॉटमिक्स से पहले ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जाए। हल्द्वानी के पीलीकोठी क्षेत्र में पाइपलाइन कार्य इसी सप्ताह पूर्ण करने को कहा गया है।

रामनगर में 20 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 15 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि शेष 5 किमी कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित