सहारनपुर , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने कहा कि सहारनपुर जिले के जन सूचना अधिकारियों (पीआईओ) का रवैया अत्यंत निराशाजनक रहा है। सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों की अनदेखी के कारण जिले के 841 अधिकारियों से दंड वसूली की प्रक्रिया चल रही है।

रविवार को पत्रकारों से बातचीत में श्री नदीम ने बताया कि इन जन सूचना अधिकारियों पर अधिकतम 25 हजार रुपये तक का दंड आरोपित किया गया है। जिन अधिकारियों का स्थानांतरण अन्य जनपदों में हो चुका है, उनसे भी संबंधित जनपदों के माध्यम से दंड वसूली की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारियों द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम का समुचित अध्ययन तक नहीं किया गया है। आज आयोजित बैठक में 170 जन सूचना अधिकारियों ने भाग लिया, लेकिन केवल दो अधिकारी ही सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के बारे में संतोषजनक जानकारी दे सके, जबकि शेष अधिकारियों को अधिनियम की मूल जानकारी तक नहीं थी।

राज्य सूचना आयुक्त ने बताया कि सहारनपुर में वर्तमान में 318 द्वितीय अपीलें लंबित हैं। इन लंबित अपीलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को 30 दिन का समय दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित