मोतिहारी , फरवरी 21 -- जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शनिवार को कहा कि पार्टी के मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप संगठन के पुनर्गठन एवं उसके प्रभावी संचालन को गति देने के लिए पूरे राज्य को 44 संगठन जिलों में विभाजित कर वरीय साथियों के साथ संगठन जिला कमिटी बनाने का निर्णय लिया गया है।

जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद अपनी सभी जिला संगठनों को भंग कर दिया था। पार्टी ने नए सिरे से सभी संगठनों को खड़ा करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आज जन सुराज पार्टी ने प्रथम जिला संगठन की घोषणा की। मोतिहारी में पूर्वी चंपारण जिले के संगठन की घोषणा की गई।

श्री भारती ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जन सुराज पार्टी के मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप संगठन के पुनर्गठन एवं उसके प्रभावी संचालन को गति देने के लिए पूरे राज्य को 44 संगठन जिलों में विभाजित कर वरीय साथियों के साथ संगठन जिला कमिटी बनाने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि संगठन जिले की कमिटी क्षेत्रीय एवं राज्य नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के अंतर्गत आने वाले सभी प्रखंडों तथा पंचायतों के संगठन का पुनर्गठन एवं संचालन करेगी। संगठन जिला कमिटी में संबंधित जिले के पार्टी पदाधिकारी तथा वरीय सदस्य शामिल रहेंगे।

इस क्रम में पूर्वी चंपारण संगठन जिला की नई सूची जारी की गई, जिसमें रवींद्र सिंह बेरूआर को जिला अध्यक्ष एवं अभय शर्मा को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित