बगहा , फरवरी 08 -- जन सुराज के सूत्रधार सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है, जिसके लिए संगठन लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रहा है। श्री किशोर ने आज बगहा से "बिहार नवनिर्माण यात्रा" की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है, जिसके लिए संगठन लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रहा है।

श्री किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी जन सुराज जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद है और "बिहार नवनिर्माण अभियान" के तहत हर जिले में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पुराने साथियों से मिलना, नए लोगों को जोड़ना और संगठन के ढांचे को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह संगठन के साथियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करने और हर जिले में संगठन का पुनर्गठन करने के उद्देश्य से इस यात्रा पर निकले हैं।

श्री किशोर ने बिहार सरकार के चुनाव के दौरान महिलाओं को दो लाख रुपये देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जन सुराज का संगठन घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर महिला को यह राशि मिले। उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह वादा पूरा नहीं करती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह घोषणा केवल चुनावी लाभ के लिए की गई थी।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं को जल्द से जल्द दो -दो लाख रुपये की राशि दी जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार इस वादे को पूरा नहीं करती है, तो जन सुराज जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित