समस्तीपुर , जनवरी 29 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने गुरूवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर सही मायनों में उनका सम्मान किया है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान समस्तीपुर के हाउसिंग बोर्ड मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि राजग सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को सही मायनों में सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया।
श्री चौधरी ने कहा कि गांव-गांव शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी और बिजली पहुंचाने के बाद अब सरकार का मुख्य फोकस रोजगार सृजन पर है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन की समस्या समाप्त होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जा रहा है और सेमीकंडक्टर जैसी उन्नत तकनीक से जुड़ी फैक्ट्रियां स्थापित की जा रही हैं। इससे बिहार तकनीकी और औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने न्याय के साथ विकास की नीति अपनाते हुए बिहार के विकास को नई दिशा दी है। न्याय यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री कुमार ने राज्य में विकास की मजबूत नींव रखी गई है। प्रगति यात्रा में घोषित सभी योजनाओं की शुरुआत हो चुकी है 2026 में उन्हें पूरा किया जाएगा।
श्री चौधरी वर्ष 2005 से पहले के बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि 20 साल पहले बिहार में गांवों में सड़क, बिजली, स्वच्छ पानी, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन आज हर घर तक बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के 1.90 करोड़ उपभोक्ताओं में से करीब 1.70 करोड़ परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। सड़कों का जाल बिछा, सबको पीने के लिए स्वच्छ जल मिल रहा है। स्वास्थ्य-शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है।
श्री चौधरी ने बताया कि 1.56 करोड़ महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है, जिससे वे रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें आगे भी दो लाख रुपये तक सहायता देने का काम करेगी।अगले दो वर्षों में सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। 500 करोड़ रुपये निवेश करने वाले उद्योग, 1000 लोगों को रोजगार देने वाले उद्योग को एक रुपये में जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्तीपुर को उद्योग हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। समस्तीपुर बिहार के विकास का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर की जनता ने यहां 10 में 08 सीटों पर जीत दिला कर प्रचंड जनादेश दिया है। राजग सरकार जनता से किए हर वादे को पूरा करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित