देहरादून , फरवरी 12 -- उत्तराखंड सरकार के "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" तथा "प्रशासन चला गांव की ओर" कार्यक्रम के अंतर्गत, गुरुवार को यहां रायपुर ब्लॉक के सरोना गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही, लाभार्थियों को कृषि यंत्र एवं चेक और महिलाओं एवं किशोरियों को महालक्ष्मी तथा किशोरी किट प्रदान की गई।

श्री जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प, राज्य के प्रत्येक नागरिक तक सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का है। ताकि कोई भी व्यक्ति बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक सात लाख से अधिक नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल चुका है।

उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की ई-केवाईसी के लिए सुवाखोली और सहस्त्रधारा में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रिप परियोजना के तहत सीएलएफ से जोड़ने के लिए भी विशेष शिविर लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि वीबीजी रामजी योजना ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना के संचालन हेतु भारत सरकार द्वारा 95,652.31 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

शिविर के दौरान कुल 41 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष विकासपरक एवं योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध प्रस्ताव तैयार कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिलाधिकारी केके मिश्रा, उपजिलाधिकारी हरी गिरी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, ग्राम प्रधान आस्था नेगी, पूनम देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य घनश्याम नेगी, प्रेम कोहली, अरविंद राणा सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित