रांची , जनवरी 02 -- झारखंड के रांची जिला में जन्म और मृत्यु का निबंधन सही और समय पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है।
शुक्रवार को रांची समाहरणालय में जन्म-मृत्यु निबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु का समय पर निबंधन बेहद आवश्यक है। इससे आधार कार्ड बनवाने, स्कूल में नामांकन, वोटर सूची में नाम जोड़ने, जमीन-जायदाद के कार्य और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है।
श्री भजन्त्री ने ने कहा कि जन्म या मृत्यु के 21 दिनों के भीतर निबंधन कराना अनिवार्य है। इसमें किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण में निबंधनकर्ताओं को ऑनलाइन पोर्टल पर कार्य करने, दस्तावेजों की जांच, त्रुटि सुधार और त्वरित सेवा प्रदान करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव एवं नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सरल तरीके से प्रक्रियाएं समझाईं और सभी प्रश्नों के उत्तर दिए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पंचायत सचिव नियमित रूप से सचिवालय में बैठकर निबंधन कार्य करें और प्रत्येक माह की रिपोर्ट भेजें। उन्होंने विश्वास जताया कि रांची जिला जल्द ही जन्म-मृत्यु निबंधन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेगा। यह पहल आम लोगों को बेहतर और आसान सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित