कांकेर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक दोस्त के जन्मदिन पर जश्न मनाने जा रहे छह युवकों की कार शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जन्मदिन के दिन ही नाबालिग वेदांत साहू की मौत हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर इलाके में आज सुबह करीब चार बजे यह हादसा तब हुआ, जब युवकों की मारुति सुजुकी डिजायर कार सड़क किनारे लगे एक लोहे के पोल को तोड़ते हुए एक पेड़ से जा टकराई। कार में सवार सभी छह युवक माकड़ी में अपने मित्र वेदांत साहू का जन्मदिन मनाने जा रहे थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे का कारण सड़क पर अचानक आ जाने वाली एक गाय बताई जा रही है। चालक द्वारा गाय से टकराने से बचने के प्रयास में कार का नियंत्रण खो गया और तेज रफ्तार में वह पोल तोड़कर पेड़ से टकरा गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित