बारां , नवम्बर 14 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधानसभा उपचुनाव के शुक्रवार को परिणाम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी मोरपाल सुमन ने अपनी हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का निर्णय शिरोधार्य है, हमें जनता का फैसला स्वीकार है।
मतगणना स्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री सुमन ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, बूथ समितियों, आईटी सेल, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के दलों के कृतज्ञ हैं। वह क्षेत्र के मतदाताओं एवं चुनाव में जुटे कार्यकर्त्ताओं का आभार व्यक्त करते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने कहा कि इस उपचुनाव में भाजपा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंत तक आदरपूर्वक, अनुशासन और संगठनात्मक भावना के साथ भाग लिया। परिणाम चाहे जैसा रहा हो, क्षेत्र की देवतुल्य जनता का निर्णय हमारे लिए सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को जनादेश पूर्ण रूप से स्वीकार है। चुनाव में मिले समर्थन को भाजपा विकास और सुशासन के लिए जनता की निरंतर अपेक्षाओं का संकेत मानती है। हम संगठन को और मजबूत करेंगे, जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और जनसेवा के कार्यों में और अधिक सक्रिय रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित