वाराणसी , जनवरी 27 -- मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मंगलवार को आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में वाराणसी मंडल के सभी जनपदों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण एवं जनकल्याणकारी योजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास और स्वच्छता से संबंधित परियोजनाओं पर विशेष चर्चा की गई। धीमी प्रगति वाले कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए। आकांक्षी ब्लॉकों में स्वास्थ्य, पोषण और आयुष्मान कार्ड वितरण जैसे मानकों पर बेहतर कार्य करने पर जोर दिया गया।

मंडलायुक्त ने सांसद विकास निधि के लंबित कार्यों की समीक्षा, छात्रवृत्ति योजनाओं में अधिक से अधिक छात्रों को लाभान्वित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। बैठक में जौनपुर और चंदौली के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित