हल्द्वानी , फरवरी 10 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के भवाली में नाबालिग के गर्भवती होने के मामले के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है, इस घटना को लेकर जहां एक ओर लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डेमोग्राफिक बदलने को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। इस मामले पर सांसद अजय भट्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

सांसद भट्ट ने कहा कि भवाली की घटना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है और ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहा है, जो चिंता का विषय है। इस बदलाव के कारण सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है और इसके खिलाफ सख्त व प्रभावी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है।

श्री भट्ट ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। सरकार जनसांख्यकीय बदालव को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित