नयी दिल्ली , मार्च 09 -- सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने सोमवार को तमिलनाडु में डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन का दौरा किया और सेना में किये जा रहे बदलावों तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए उसकी तैयारी पर एक व्याख्यान दिया। जनरल द्विवेदी ने अपने संबोधन में सेना में जारी प्रमुख सुधारों, थिएटराइजेशन की दिशा में प्रगति, सैन्य कूटनीति की बढ़ती भूमिका और संचालन प्रभावशीलता तथा भविष्य की तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डाला।

सेना प्रमुख ने एक ऐसे भविष्योन्मुखी बल के निर्माण में हो रहे संगठनात्मक, क्षमता तथा सिद्धांतगत परिवर्तनों का भी उल्लेख किया, जो उभरती सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम हो। उन्होंने कॉलेज के संकाय सदस्यों, तीनों सेनाओं के अधिकारियों तथा मित्र देशों से आए पाठ्यक्रम प्रतिभागियों के साथ भी बातचीत की और गतिशील रणनीतिक माहौल में पेशेवर सैन्य सहभागिता तथा विचारों के निरंतर आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया।

जनरल द्विवेदी ने उत्कृष्ट सेवा, पेशेवर दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए चयनित कर्मियों को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित