देहरादून, अप्रैल 13 -- उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जनता के दस सवालों का जवाब देने की मांग की है।
श्री गोदियाल ने राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दस बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में भाजपा के दिग्गज नेताओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन तीन-चार महीने बीत जाने के बावजूद जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच का आधार अंकिता के माता-पिता की शिकायत को न बनाकर किसी तीसरे व्यक्ति की शिकायत को क्यों बनाया गया।
उन्होंने राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब पहाड़वासी लगातार वन्य जीवों के आतंक का सामना कर रहे हैं, प्रधानमंत्री बताएं कि राज्य की सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है।
श्री गोदियाल ने प्रधानमंत्री के 2017 के उस बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम आएगी। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम क्यों नहीं आ रही है। जबकि हकीकत यह है कि नशाखोरी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में है।
उन्होंने भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उत्तराखंड अब इन मामलों के लिए बदनाम होता जा रहा है। साथ ही, उपनल कर्मचारियों को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के बावजूद राज्य सरकार उनके नियमितीकरण से बचने के बहाने खोज रही है।
शिक्षा के मुद्दे पर श्री गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 886 स्कूल बंद हो चुके हैं, जो चिंताजनक है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में 55 नई शराब की दुकानों के खुलने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शराब और खनन से राजस्व बढ़ाने का बहाना करती है लेकिन क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए सिर्फ खनन और शराब ही विकल्प रह गए हैं।
उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड महिला अपराध में नंबर वन राज्य बन गया है , राज्य में महिलाएं, बच्चे, पत्रकार, पूर्व सैनिक कोई भी सुरक्षित नहीं है। दिनदहाड़े हत्याएं और अपराध हो रहे हैं और सत्ताधारी दल के लोगों पर भी गंभीर आरोप लग रहे हैं।
श्री गोदियाल ने घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराना जरूरी है, अन्यथा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित