नई दिल्ली , फरवरी 27 -- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि सबसे बड़ी अदालत जनता की अदालत है, जहां अरविंद केजरीवाल पहले ही दोषी साबित हो चुके हैं।

श्री यादव ने बयान जारी करके आरोप लगाया कि भाजपा का "वॉशिंग मशीन" मॉडल एक बार फिर सामने आया है, जिसमें सत्ता के सामने सरेंडर करते ही भ्रष्टाचार के दाग धुल जाते हैं।

उन्होंने कहा कि 3 जून 2022 को दिल्ली कांग्रेस ने शराब नीति को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें पंजाब के अकाली नेता दीप मल्होत्रा का नाम भी सामने आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों ने इस दिशा में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। 5 सितंबर 2022 को आर्थिक अपराध शाखा को सौंपे गए दस्तावेजों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा को कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये के चंदे की जांच अब तक अधूरी है।

श्री यादव ने कहा कि राउज एवेन्यू कोर्ट की कार्यवाही और 14 सीएजी रिपोर्टों पर कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनावी जरूरतों के अनुसार ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि राहुल गांधी को लगातार निशाना बनाया जाता है। उन्होंने शराब नीति में बदलाव, कमीशन 6 प्रतिशत से 12 प्रतिशत करने और मोबाइल फोन नष्ट किए जाने जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और कांग्रेस पारदर्शिता व निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित