पटना , फरवरी 07 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने शनिवार को आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव जनतंत्र को धनतंत्र में बदलकर, विपक्ष के नेताओं पर फर्जी मुकदमा डाल कर और मशीनरी के दुरूपयोग से जीता गया हैश्री यादव ने राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद राज्य कार्यालय आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में लोक हारा है और तंत्र जीता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए कहीं न कहीं जो साजिश चल रही है उससे पार्टी को सचेत रहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनतंत्र को धनतंत्र में बदलकर, फर्जी केस, मुकदमा बनाकर तथा मशीनरी के दुरूपयोग से विधानसभा चुनाव जीता गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौसला काफी मजबूत है और भविष्य में राजद मजबूती के साथ वापसी करेगी।

राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तरह साम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि वह श्री यादव के पुत्र है, और उनके विरूद्ध कितनी भी साम्प्रदायिक शक्तियां साजिश कर ले ,लेकिन वह अपने पिता की तरह किसी के आगे नहीं झूकेंगे और मजबूत संकल्प के दी गयी जिम्मेदारियों को आगे बढ़ायेंगे।उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से लालू यादव के विचारों को और पार्टी के संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

श्री यदव ने कहा कि हाल के दिनों में उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खगड़िया और शेखपुरा में घटनाएं सामने आयी है, इससे स्पष्ट होता है कि बिहार में प्रशासन के माध्यम से विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे खौफ के खिलाफ पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र की सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए काम कर रही है। छोटे-छोटे व्यवसाय करने वालो को तंग किया जा रहा है और किसानों को उसका एमएसपी नहीं मिल पा रहा है।

राजद नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रील को ही रोजगार बता रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार अधिकारियों के मुख्यमंत्री हैं, जनता के नहीं। इसलिए जनता का कोई काम डबल इंजन सरकार में नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए जो योजनाएं चुनाव के पहले सरकार की तरफ से घोषित की गई थी, उसे सरकार पूरा करे इस बात के लिए उनकी पार्टी संघर्ष करेगी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित